मुंबई, 29 अप्रैल (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया बुधवार को 14 पैसे टूट गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 94.82 रुपये का बोला गया।
भारतीय मुद्रा का यह दूसरा निचला बंद स्तर है। इससे पहले 27 मार्च को यह 94.8525 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
पिछले कारोबारी दिवस पर 53 पैसे की गिरावट के साथ 94.68 रुपये प्रति डॉलर पर बंद होने वाला रुपया आज 94.79 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। इसका दिवस का उच्चतम स्तर 94.70 रुपये और निचला स्तर 94.8650 रुपये प्रति डॉलर रहा। अंत में यह 94.82 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में पांच प्रतिशत से अधिक की तेजी ने रुपये पर दबाव बनाया। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा 5.3 प्रतिशत चढ़कर 117 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में 0.25 प्रतिशत की मजबूती से भी भारतीय मुद्रा कमजोर हुई है।
