नई दिल्ली | इंडियन प्रीमियर लीग के व्यस्त शेड्यूल के बावजूद स्टार क्रिकेटर विराट कोहली ने अपने बचपन के कोच राजकुमार शर्मा के प्रति सम्मान जताते हुए एक अनूठी मिसाल पेश की है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करने के बाद, कोहली ने अपनी टीम के साथ अहमदाबाद जाने वाली सुबह की फ्लाइट छोड़ दी। वे मंगलवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल, आरके पुरम में ‘वेस्ट दिल्ली क्रिकेट एकेडमी’ (WDCA) की नई शाखा के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर कोहली अपने पुराने दिनों को याद करते हुए भावुक नजर आए और कोच राजकुमार शर्मा के साथ एकेडमी के विस्तार पर खुशी जताई।
समारोह के दौरान कोहली ने एकेडमी के उभरते हुए नन्हे क्रिकेटरों को पुरस्कृत किया और उन्हें सफलता के गुण सिखाए। 37 वर्षीय कोहली ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने बहुत कम उम्र में क्रिकेट को चुना था, लेकिन उस फैसले के प्रति वे हमेशा ईमानदार रहे। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “अपने सपनों के प्रति सच्चे रहो और पूरी लगन से मेहनत करो। केवल आपको ही पता होगा कि आप अपनी तैयारी में शत-प्रतिशत ईमानदारी बरत रहे हैं या नहीं।” उन्होंने जोर देकर कहा कि परिवार और शिक्षकों के सहयोग के साथ खुद पर अटूट विश्वास ही ऊंचाइयों तक ले जाता है।
मैदान के बाहर अपनी एकेडमी को समय देने वाले कोहली मैदान पर भी रनों की बारिश कर रहे हैं। आईपीएल 2026 में कोहली अब तक 8 पारियों में 58.50 की औसत से 351 रन बना चुके हैं। इसी सीजन में उन्होंने इतिहास रचते हुए आईपीएल में 9,000 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बनने का गौरव भी हासिल किया है। दिल्ली में एकेडमी के बच्चों के साथ समय बिताने के बाद कोहली अब अपनी टीम आरसीबी के साथ जुड़कर अगले मुकाबले की तैयारियों में जुट गए हैं। उनकी इस सक्रियता ने यह साबित कर दिया कि सफलता के शिखर पर पहुंचने के बाद भी वे अपनी जड़ों को नहीं भूले हैं।

