नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (वार्ता) भारत-अमेरिकी वाणिज्य मंडल (आईएसीसी) ने अपने राजस्थान चैप्टर की शुरुआत की है, जो राज्य स्तर पर भारत-अमेरिका व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से एक रणनीतिक विस्तार है। आईएसीसी की मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में उम्मीद जतायी गयी है कि यह चैप्टर सीमा पार साझेदारी को सुविधाजनक बनाने, नीतिगत संवाद को बढ़ाने और भारतीय तथा अमेरिकी व्यवसायों के बीच क्षेत्र-विशिष्ट के लिए सहयोग के लिए एक मंच के रूप में कार्य करेगा।
अमेरिकी दूतावास में वाणिज्यिक मामलों के सलाहकार जोनाथन हेइमर ने कहा कि विकसित होती भारत-अमेरिका साझेदारी वैश्विक आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने कहा, “दुनिया का भविष्य काफी हद तक अमेरिका और भारत के बीच की साझेदारी पर निर्भर करेगा। आज हम जो निवेश और संबंध बना रहे हैं, वे दोनों देशों के लिए दीर्घकालिक लाभ वाले होंगे।” इस पहल के माध्यम से आईएसीसी का लक्ष्य राजस्थान को अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और नवाचार के एक बढ़ते केंद्र के रूप में स्थापित करना है तथा भारत-अमेरिका आर्थिक सहयोग के व्यापक विस्तार में योगदान देना है।

