
भिंड। अटेर क्षेत्र में चंबल नदी किनारे दोस्तों के साथ पार्टी के दौरान फायरिंग हो गई। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके पैर में दो गोलियां लगी हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। अटेर रोड स्थित बंबा किनारा निवासी पूरन सिंह कुशवाह पुत्र रामरतन सिंह अपने कुछ साथियों के साथ चंबल नदी किनारे दाल टिक्कर और शराब की पार्टी मनाने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और विवाद में बदल गई। विवाद के दौरान मौजूद आरोपियों में से एक ने अचानक बंदूक निकालकर फायरिंग कर दी। गोली पूरन सिंह के पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। बताया गया है कि उसके पैर में दो गोलियां लगी हैं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। साथियों ने घायल पूरन को तुरंत अटेर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
