
जबलपुर । गर्मी अपने रिकॉर्ड तोड़ रही है। हर दिन पारा उछाल मार रहा है। शनिवार को मार्तण्ड के रौद्र रूप देख ऐसा लगा जैसे आसमान से आग बरस रही हो। पारा भी सीजन में पहली बार 42.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा। इसके पहले 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। दिनभर लू के थपेड़ों ने लोगों को झुलसाया। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 32 और शाम को 23 प्रतिशत दर्ज की गई। उत्तर-पश्चिमी हवाएं 4 से 5 किमी की रफ्तार से चल रही थीं। मौसम विभाग की माने तो 29 अप्रैल तक जिले में दिन का पारा 42 से 43 डिग्री सेल्सियस एवं रात का तापमान 23 से 24 डिग्री रहने की संभावना है, जिस कारण दिन में लू भी चल सकती है। 29 से 30 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा की भी संभावना है। एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, उत्तर-पश्चिम उत्तरप्रदेश के ऊपर, माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊँचाई पर सक्रिय है। एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण, पूर्वी उत्तर प्रदेश एवं निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊँचाई सक्रिय है। इसके अलावा चक्रवातीय परिसंचरण अब आंतरिक महाराष्ट्र एवं निकटवर्ती क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल से 3.1 से 5.8 किमी की ऊँचाई के बीच सक्रिय है।
