
रेहटी। थाना क्षेत्र में बस स्टैंड के पास स्थित राकेश चौहान की पान-बेकरी दुकान पर रात में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. शराब के नशे में एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर छह लोगों को घायल कर दिया. घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी अनिल पिता धूलुसिंह चौहान (25) निवासी रेहटी की रिपोर्ट पर आरोपी प्रतीक पालीवाल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. बताया जा रहा है कि आरोपी ने नशे की हालत में झगड़ा करते हुए फरियादी और उसके साथियों पर नुकीले कटर से हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में अनिल चौहान (25), राकेश चौहान (46), राजेश चौहान (50), अंकित चौहान (29), धर्मेंद्र चौहान (45) सभी निवासी रेहटी तथा वीरेंद्र पिता श्यामसिंह राजपूत (30) निवासी डोलरिया, नर्मदापुरम शामिल हैं. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए भोपाल रेफर किया गया है. अनिल चौहान को प्रारंभ में मधुबन अस्पताल, बुधनी में भर्ती कराया गया था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
