
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर महिला आरक्षण कानून को जानबूझकर लागू न करने का आरोप लगाते हुए इसे “राजनीतिक छल” और वादाखिलाफी करार दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को जनगणना और परिसीमन के बहाने रोका जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को बिना किसी शर्त के लोकसभा में तत्काल लागू कराने के लिए सड़क से लेकर सदन तक अपना आंदोलन तेज करेगी।
इसी कड़ी में कल 26 अप्रैल को शाम 4 बजे भोपाल में एक बड़ा पैदल मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रोशनपुरा चौराहे पर समाप्त होगा। कांग्रेस का कहना है कि इस मार्च के जरिए सरकार की कथित “महिला विरोधी नीतियों” को जनता के सामने लाया जाएगा।
पटवारी ने याद दिलाया कि स्थानीय निकायों में महिला आरक्षण की शुरुआत राजीव गांधी के कार्यकाल में हुई थी, जिससे आज लाखों महिलाएं नेतृत्व की भूमिका में हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि 2023 में पारित कानून अब तक लागू क्यों नहीं किया गया।
उन्होंने नागरिकों से बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होकर लोकतंत्र, संविधान और महिला अधिकारों की रक्षा के इस आंदोलन को मजबूत करने की अपील की।
