इंदौर:चंदन नगर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार लोडिंग रिक्शा ने 70 वर्षीय बुजुर्ग को कुचल दिया. हादसे में गंभीर घायल बुजुर्ग की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई.
70 वर्षीय मृतक मेहर सिंह पिता धूल सिंह निवासी सिरपुर बाँक दाल मिल में काम करते थे. वे रोज की तरह शाम को ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे. धार रोड पर इसी दौरान एक अनियंत्रित लोडिंग रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी भीषण थी कि मेहर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. आसपास के लोगों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार रिक्शा चालक की तलाश शुरू कर दी है.
