जबलपुर: प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को जनगणना कार्य की बारीकिया मास्टर ट्रेनर्स और सहायक प्राध्यापक सिखा रहे है। दरअसल नगर निगम के 16 संभागों के लिए जनगणना कार्य के लिए 860 प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 23 अप्रैल 2026 से सफलतापूर्वक शुरू हो चुका है। यह प्रशिक्षण आदर्श औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मढोताल के 20 विभिन्न कक्षों में आयोजित किया जा रहा है, जहाँ सभी आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध हैं। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में इस पूरे कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है।
जनगणना कार्य की बारीकियों को सिखाने के लिए मास्टर ट्रेनर्स और सहायक प्राध्यापकों की टीम तैनात की गई है। इसमें प्रो. चंद्रशेखर राजहंस, मनोज नथानी और जनगणना निदेशालय से आए विशेषज्ञ शामिल हैं। प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नगर जनगणना अधिकारी मनोज श्रीवास्तव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरंतर निरीक्षण किया जा रहा है। कार्य की महत्ता को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सख्त है। प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों पर तुरंत संज्ञान लिया गया है ताकि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में कोई बाधा न आए और कार्य पूरी गंभीरता से संपन्न हो। यह प्रशिक्षण 25 अप्रैल 2026 तक चलेगा, जिसके बाद प्रशिक्षित टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गणना कार्य के लिए पूरी तरह तैयार होगी।
