
ग्वालियर। मध्य भारत शिक्षा समिति द्वारा शिवपुरी लिंक रोड, शीतला माता मार्ग स्थित ग्राम बेला में ऋषि गालव विश्वविद्यालय का भूमि पूजन सोमवार, 4 मई को प्रात: 9:30 बजे होगा। 55 बीघा के विशाल परिसर में बनने वाला यह विश्वविद्यालय लगभग 30 करोड़ रुपए की लागत से एक वर्ष के भीतर तैयार हो जाएगा और गुरु पूर्णिमा 2027 से यहां शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ करने का लक्ष्य रखा गया है।
मध्य भारत शिक्षा समिति के अध्यक्ष डॉ.राजेंद्र बांदिल ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्तर स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी होंगे। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट उपस्थित रहेंगे। अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मध्यभारत प्रांत संघचालक अशोक पाण्डेय करेंगे। कार्यक्रम में जाने के लिए समिति ने नागरिकों की सुविधा के लिए शहर के विभिन्न स्थानों से वाहनों की व्यवस्था की है। वाहन प्रात: 8:45 बजे एबी रोड स्थित गणेश बाग मंदिर, पार्वती विद्या पीठ, पीजीवी महाविद्यालय परिसर, माधव महाविद्यालय नईसडक़, सरस्वती शिशु मंदिर नदी द्वार, जीवाजी विश्वविद्यालय द्वार, राजमाता चौराहा से कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे।
