काबुल, 23 अप्रैल (वार्ता) अफगानिस्तान में गुरुवार से शुरू हुए तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिताओं के उद्घाटन समारोह में विदेश विदेश मंत्री मौलवी अमीर खान मुत्तकी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का अफगानिस्तान आना इस बात का सबूत है कि अब यह देश शांति और स्थिरता के केंद्र में बदल चुका है। अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय के उप प्रवक्ता जिया अहमद तकाल द्वारा गुरुवार को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया आकाउंट ‘एक्स’ पर साझा किये गये पोस्ट के अनुसार, विदेश मंत्री ने क्षेत्र की वर्तमान स्थिति और जीवन में खेल के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की।
श्री मुत्तकी ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों से न केवल खेल को बढ़ावा मिलता है, बल्कि दुनिया भर में अफगानिस्तान की सकारात्मक छवि भी मजबूत होती है। इस आयोजन में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया है, जो देश के बदलते सुरक्षित वातावरण को दर्शाता है। गौरतलब है कि गुरुवार से अफगानिस्तान में तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कुश्ती (कुराश) महोत्सव का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में अफगानिस्तान के अलावा ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, तुर्की और ईरान के लगभग 60 अंतर्राष्ट्रीय और 100 स्थानीय पहलवान भाग ले रहे हैं। यह आयोजन अफगानिस्तान में खेलों की वापसी और क्षेत्रीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

