मुंबई/म्यूनिख, (वार्ता) जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (जेएफएसएल) और एलियांज ग्रुप ने बुधवार को प्राथमिक बीमा क्षेत्र में बराबर हिस्सेदारी वाले संयुक्त उपक्रम की स्थापना की घोषणा की।
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि एलियांज ग्रुप ने अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एलियांज यूरोप के माध्यम से संयुक्त उपक्रम बनाने के लिए आज एक बाध्यकारी समझौता किया है जो सामान्य और स्वास्थ्य बीमा के क्षेत्र में काम करेगा। इसमें दोनों कंपनियों की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। यह समझौता जुलाई 2025 में घोषित साझेदारी को औपचारिक रूप प्रदान करता है।
भारत के ग्राहक जेएफएसएल की व्यापक डिजिटल पहुंच और भारतीय बाजार की गहरी समझ के साथ-साथ एलियांज के उच्च गुणवत्ता वाले बीमा उत्पादों और सेवाओं का लाभ उठाएंगे।
इस संयुक्त उद्यम को अभी नियामकीय मंजूरियां मिलनी शेष हैं। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और एलियांज देश में जीवन बीमा व्यवसाय के लिए एक अलग बाध्यकारी समझौते की दिशा में भी प्रयासरत हैं।
इस समझौते पर प्रतिक्रिया देते हुए रिलायंस समूह के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा, “बीमा केवल एक उत्पाद नहीं है, बल्कि वह ऐसा आधार है जिस पर परिवार आत्मविश्वास के साथ अपना भविष्य बनाते हैं और बिना भय के अपने सपनों का पीछा कर सकते हैं। ‘साल 2047 तक सभी के लिए बीमा’ एक राष्ट्रीय मिशन है और हर संस्था का कर्तव्य है कि वह इसे पूरा करे। जियो फाइनेंशियल सर्विसेज इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
एलियांज साल 2000 से भारतीय बीमा बाजार में सक्रिय रूप से निवेश कर रहा है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओलिवर बेटे ने कहा, “एलियांज समूह दुनिया का सबसे मूल्यवान और विश्वसनीय बीमा ब्रांड है। हमारी विशेषज्ञता, उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों और सेवाओं को जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की पहुंच के साथ मिलाकर हम भारत के लिए अधिक सुरक्षित और मजबूत वित्तीय भविष्य बनायेंगे और ‘2047 तक सभी के लिए बीमा’ के लक्ष्य को साकार करने में योगदान देंगे।”
