लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर पंजाब अंक तालिका में शीर्ष पर कायम

न्यू चंड़ीगढ़ (वार्ता) प्रियांश आर्य (93) और कूपर कॉनली (87) की तूफानी बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदेशन की बदौलत पंजाब किंग्स ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 29वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों से हरा दिया। यह लखनऊ सुपर जायंट्स की टूर्नामेंट लगातार तीसरी हार है। वहीं पंजाब किंग्स इस सीजन में खेले गये अपने छह मैचों में से कोई भी मुकाबला नहीं हारी है। प्रियांश आर्य को उनकी आतिशी बल्लेबाजी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।

255 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए मिचेल मार्श और आयुष बदोनी की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 61 रन जोड़े। छठें ओवर में विजयकुमार वैशक ने आयुष बदोनी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। आयुष बदोनी ने 21 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाते हुए 35 रन बनाये। 12वें ओवर में यजुवेंद्र चहल ने मिचेल मार्श को शिकार कर लिया। मिचेल मार्श ने 28 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 40 रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में अर्शदीप सिंह ने कप्तान ऋषभ पंत को आउट कर पवेलियन भेज दिया। ऋषभ पंत ने 23 गेंदों में एक चौका और चार छक्के उड़ाते हुए 43 रन बनाये। निकोलस पूरन (नौ) रन बनाकर आउट हुये। एडन मारक्रम 22 गेंदों में 42 रन बनाकर आउट हुये। लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम निर्धारित 20 ओवरो में पांच विकेट पर 200 रन ही बना सकी और 54 रनों से मुकाबला हार गई। मुकुल चौधीर 17 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे।

पंजाब किंग्स के लिए मार्को यानसन ने दो विकेट लिये। विजयकुमार वैशक, अर्शदीप सिंह और यजुवेंद्र चहल ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

आज यहां इससे पहले पंजाब किंग्स ने प्रियांश आर्य (93) और कूपर कॉनली (87) की पारियों की मदद से आईपीएल 2026 का सर्वोच्च स्कोर खडा किया। लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब को पहली ही ओवर में मोहम्मद शमी ने प्रभसिमरन सिंह (शून्य) को आउटकर पहला झटका दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये कूपर कॉनली ने प्रियांश आर्य के साथ विस्फोटक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले दूसरे विकेट के लिए 182 रन जोड़े। 14वें ओवर में प्रिंस यादव ने कूपर कॉनली को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। कूपर कॉनली ने 46 गेंदों में आठ चौके और सात छक्के उड़ाते हुए 87 रनों की पारी खेली। अगले ही ओवर में एम सिद्धार्थ ने शतक की ओर बढ़ रहे प्रियांश आर्य का शिकार कर लिया। प्रियांश आर्य ने 37 गेंदों में चार चौके और नौ छक्के उड़ाते हुए 93 रन बनाये।

कप्तान श्रेयस अय्यर (पांच) और नेहाल बढ़ेरा (13) रन बनाकर आउट हुये। पारी के आखिरी ओवर में प्रिंस यादव ने शशांक सिंह को आउट किया। शशांक सिंह ने छह गेंदों में एक चौका और दो छक्के लगाते हुए 17 रन बनाये। पंजाब किंग्स ने निर्धारित 20 अेावरों मे सात विकेट पर 254 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जोकि आईपीएल 2026 में पंजाब का सर्वोच्च स्कोर है। वहीं ओवर ऑल आईपीएल में यह उनका दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है। मार्कस स्टॉयनिस पारी की आखिरी गेंद पर रनआउट हुये। मार्कस स्टॉयनिस ने 16 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए 29 रन बनाये। पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने इस पारी में रिकार्ड 21 छक्के और 1्6 चौके जड़े।

लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए प्रिंस यादव और एम सिद्धार्थ ने दो-दो विकेट लिये। मोहम्मद शमी और मोहसिन खान ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।

 

Next Post

बिरला रोड पर महिला के हाथ से पर्स झपटा

Mon Apr 20 , 2026
सतना : कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरला रोड पर रविवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक महिला के हाथ से पर्स झपट लिया गया. पीडि़त महिला द्वारा घटना की शिकायत कोलगवां थाने में की गई है.प्राप्त जानकारी के अनुसार बदखर क्षेत्र की निवासी श्रीमती सुनीता गुप्ता अपने पति […]

You May Like