अजय देवगन ने ‘राजा शिवाजी’ को दिया शौर्य भरा सलाम

मुंबई, 19 अप्रैल (वार्ता) बॉलीवुड स्टार अजय देवगन ने फ़िल्म ‘राजा शिवाजी’ और रितेश देशमुख को शुभकामनाएं दी है। ‘राजा शिवाजी’ की रिलीज़ तारीख जैसे-जैसे नज़दीक आ रही है, दर्शकों का उत्साह चरम पर है। इस फिल्म का निर्देशन, मुख्य भूमिका, लेखन और निर्माण रितेश विलासराव देशमुख ने किया है।

जियो स्टूडियोज़ और मुंबई फिल्म कंपनी द्वारा निर्मित यह फिल्म भारत के महान योद्धा राजा छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और विरासत को दर्शाती है।

अभिनेता अजय देवगन ने अब ‘राजा शिवाजी’ और रितेश देशमुख को अपनी शुभकामनाएं देकर इस उत्साह को और बढ़ा दिया है। ‘तानाजी: द अनसंग वॉरियर’ (2020) में मुख्य भूमिका निभा चुके अजय देवगन ने इस फिल्म को खास अंदाज़ में सलामी दी, जैसे वे ‘तानाजी’ के रूप में छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रति निष्ठा व्यक्त कर रहे हों। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘राजा शिवाजी’ के हिंदी एंथम ‘छत्रपति’ को साझा करते हुए लिखा, “तान्ह्या चा नमन, राजे! यह शानदार लग रहा है! #राजाशिवाजी के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं @रितेश जय शिवराय!”

इसी बीच, इस ऐतिहासिक फिल्म का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर 20 अप्रैल को भव्य तरीके से रिलीज़ होने वाला है, जो भारत के सबसे सम्मानित ऐतिहासिक नेताओं और ‘हिंदवी स्वराज्य’ के संस्थापक की झलक पेश करेगा।

यह फिल्म हिंदी और मराठी सिनेमा के कई दिग्गज कलाकारों को एक साथ लेकर आ रही है, जिनमें संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, महेश मांजरेकर, सचिन खेडेकर, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, फरदीन खान, जितेंद्र जोशी, अमोल गुप्ते, जिनिलीया देशमुख और रितेश विलासराव देशमुख शामिल हैं।

जियो स्टूडियोज़ द्वारा प्रस्तुत ‘राजा शिवाजी’, मुंबई फिल्म कंपनी की एक प्रस्तुति है, जिसका निर्माण ज्योति देशपांडे और जिनिलीया देशमुख ने किया है। छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और विरासत पर आधारित यह ऐतिहासिक फिल्म एक मई 2026 को मराठी, हिंदी और तेलुगु भाषाओं में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।

 

 

Next Post

क्या 2029 में होंगे 850 सांसद? डॉ हितेश बाजपेई के पोस्ट से मची खलबली

Sun Apr 19 , 2026
भोपाल:मध्यप्रदेश भाजपा के प्रवक्ता डॉ. हितेश बाजपेई ने परिसीमन और लोकसभा सीटों की संभावित बढ़ोतरी को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि देश में जनगणना की प्रक्रिया जारी है और परिसीमन होना तय है। इसके साथ ही वर्ष 2029 तक लोकसभा सीटों की संख्या बढ़कर लगभग 850 होने […]

You May Like