जबलपुर: पहले जबलपुर बड़ा गांव हुआ करता था, लेकिन अब तेजी से विकास कर रहा है और एक आधुनिकतम शहर का रूप ले रहा है। पहले करोड़-दो करोड़ के काम के लिए आंदोलन करना पड़ता था, लेकिन अब एक दिन में ही करोड़ो रूपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण हो रहे हैं। यह बातें लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने शहर के विभिन्न स्थानों में लगभग 250 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करते हुए कहीं।
गौरीघाट आयुर्वेद कॉलेज में मंत्री सिंह ने कहा कि भगवान धनवंतरी का भारत की पवित्र मिट्टी पर बड़ी कृपा है। वैसे तो संपूर्ण विश्व को विज्ञान से परिचित कराने वाला भारत ही है। भारत ने विश्व को शून्य के बारे में जानकारी दी और जिसके कारण विकास की नई उचाईयां दिखाई दे रही हैं। चिकित्सा के क्षेत्र में भारत का ज्ञान अवर्णीय है और यह आयुर्वेद भगवान का धरोहर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ भारत की कल्पना में आयुर्वेद का बहुत बड़ा योगदान है।
ये दी सौगातें
आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय गौरीघाट में 770 लाख की लागत से 100 सीटर बालिका छात्रावास एवं आई टाईप आवासीय भवन, 432.89 लाख की लागत से 50 सीटर बालक छात्रावास भवन, 486.35 लाख की लागत से फार्मेसी भवन का भूमिपूजन किया। इसी प्रकार रांझी में 4348.29 लाख की लागत से रांझी- पिपरिया-उमरिया तक साढे सात किलोमीटर फोरलेन सडक़ का भूमिपूजन किया। इसके अलावा 17241 लाख की लागत से 13.13 किलोमीटर लंबी जबलपुर एयरपोर्ट से जबलपुर रिंगरोड तक फोरलेन सडक़ का भूमिपूजन किया। साथ ही केंट विधानसभा अंतर्गत रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय से इलाहबाद बैंक चौराहा एवं जेएम हाईट्स रोड से आर्मी कैंप तक 1651.80 लाख की लागत से 3.13 किलोमीटर व्हाइट टॉपिंग सडक़ का लोकार्पण किया।
गड्ढो के फोटो अपलोड करें तुरंत ठीक किया जायेगा
रांझी और जीएस कॉलेज के सामने आयोजित सभाओं में मंत्री सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने लोक पथ एप बनाया है, जिसे विभाग के सभी अधिकारियों ने आत्मसात किया है। उन्होंने आम जनता से आग्रह किया कि वे इस एप को डाउनलोड करें और सडक़ों में जहां कहीं भी गड्ढ़ा दिखे फोटो खींचकर अपलोड करें, विभाग का दायित्व है कि उसे चार दिन में ठीक किया जायेगा।
गड़बड़ी करने वालों पर होगी कर्रवाई
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि लोक निर्माण विभाग पानी के साथ पर्यावरण पर भी ध्यान दे रहा है। भवनों को ग्रीन बिल्डिंग के रूप में पर्यावरण प्रकृति के अनुकूल बनाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं किया जायेगा, जहां कहीं भी गड़बड़ी पाई जायेगी तो आवश्यक कार्यवाही की जायेगी। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने भी जबलपुर की विकास गाथाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसी के साथ विधायक अशोक रोहाणी ने भी केंट विधानसभा क्षेत्र में किये जा रहे विकाकार्यों की जानकारी दी। गौरीघाट में बरगी विधायक नीरज सिंह ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार सहज भाव से कार्य कर रहे हैं। आयुर्वेद एक ऐसी विधा है जो भारतीय ज्ञान परम्परा के कारण विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि आज समय की आवश्यकता है कि इसे अपनी जीवन शैली में अपनायें। कार्यक्रम के दौरान सिहोरा विधायक संतोष बरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल सहित स्थानीय पार्षद व गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
