
जबलपुर। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में छिंदवाड़ा में लोक निर्माण विभाग के एक सेवानिवृत्त एसडीओ (सेतु निर्माण विभाग) महेंद्र नागवंशी के ठिकानों पर दबिश दी। टीम जब घर पहुंची तो अधिकारियों की आंखें फटी रह गईं। अब तक की जांच में आय से अधिक संपत्ति के मामले में 5.47 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, जबलपुर में महेन्द्र नागवंशी पिता महतु नागवंशी सेवानिवृत्त एसडीओ सेतु निर्माण विभाग, लोक निर्माण विभाग, आदर्श नगर, परासिया रोड, छिंदवाड़ा के खिलाफ भ्रष्टाचार से करोड़ों रूपये की असमानुपातिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पहुंची थी। सत्यापन उपरांत शिकायत में आरोप सही पाये जाने पर ईओडब्ल्यू जबलपुर की टीम ने गुरुवार सुबह आरोपी महेंद्र नागवंशी के छिंदवाड़ा स्थित आदर्श नगर परासिया रोड आवास पर छापा मारा। अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके और विभागीय गलियारों में हडक़ंप मच गया। सेवानिवृत्त अधिकारी के खिलाफ लंबे समय से भ्रष्टाचार के जरिए अकूत संपत्ति जमा करने की शिकायतें मिल रही थीं।
तीन टीमों ने आवास-आटा मिल में की सर्चिंग
ईओडब्ल्यू, जबलपुर के द्वारा आरोपी के परासिया रोड, छिंदवाडा स्थित आवास एवं आटा मिल में तीन टीमों ने एक साथ सर्चिंग की। शुरुआती जांच में आरोपी के पास से आलीशान मकान, महंगी गाडिय़ों और जमीन-जायदाद के कई अहम दस्तावेज मिले हैं। ईओडब्ल्यू के मुताबिक अब तक 5.47 करोड़ रुपये की संपत्ति का आकलन किया गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।
ये मिला
परासिया रोड, पेट्रोल पम्प के सामने, छिंदवाड़ा में आवास
राशि 40, 00, 000 रुपये, आवास से तलाशी पर नगद 91, 500 रूपये, घरेलू सामान 24, 00, 000 रूपये, 22 बीमा पॉलसियों पर 20, 00, 000 रुपये का निवेश, सोने के आभूषण वजन 187 ग्राम 9, 00, 000 रुपये, चाँदी के आभूषण वजन 1 किलो ग्राम राशि 1, 50, 000 रूपए, दुकान 13, 00, 000 रूपए, तीन फोर व्हीलर 20, 00, 000, तीन टू व्हीलर 2,10, 000 रूपए, महेन्द्र नागवंशी के 8 बैंक खातें मिले, -सीमा नागवंशी के 10 बैंक खाते, पुत्र ऋत्विक के 3 बैंक, खातें तीनों बैंक खातों में लगभग 30, 00, 000 रुपये जमा होने की संभावना है। आरोपी द्वारा क्रय की गई कृषि भूमि 25 एकड़ 02 भूखण्ड 1, 76, 21, 000 रूपए, नागदा इंडस्ट्रीज प्रा.लि., ग्राम उसरिया, ग्राम पंचायत गुरैया आटा मिल 2.50.00,000 रूपए की मिली। अब तक की कार्यवाही में आरोपी की कुल अनुमानित 5.47 करोड़ रूपये की अनुपातहीन संपत्ति उजागर हुई है।
बैंक लॉकर, खातों, बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज खंगाले
महेंद्र नागवंशी सेतु निर्माण विभाग में पदस्थ रहे हैं। शिकायत के सत्यापन के दौरान पाया गया कि उन्होंने अपने सेवाकाल के दौरान पद का दुरुपयोग करते हुए वास्तविक आय से कई गुना ज्यादा संपत्ति अर्जित की।
