
भोपाल। राजधानी में मंगलवार को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कार्यभार संभालने के बाद बुधवार को ठीक सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट पहुंच कर, अपने आप में एक नई शुरुआत की. इससे उनकों कर्मचारियों के कार्य समय की जानकारी भी मिली और पहले दिन औचक निरीक्षण भी हो गया. लेकिन कर्मचारी नहीं पहुंचे. इस पर उन्होंने नाराजगी जताई. कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट के एक-एक अधिकारी व कर्मचारियों के कैबिन में गए, उन्होंने मकडी के जाले देखे. इस पर नाराजगी जताई. जाले साफ कराने के लिए निर्देश दिए. कलेक्टर ने कार्य के पहले दिन लोगों की समस्या भी सुनीं. लोग उनके कैबिन में समस्याओं को लेकर आए. इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जल्द ही समस्याओं का निराकरण करने के लिए निर्देशित भी किया. कैबिन के बाहर आकर भी लोगों की समस्याएं सुनीं. इस पर लोगों से कहा कि आप लोग मंगलवार को जनसुनवाई में आएं, आपकी समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाएगा. इसके बाद दोपहर 2 बजे कलेक्ट्रेट के सभागार में अलग-अलग विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक की. बैठक में परिचय का दौर चलता रहा. कलेक्टर ने जिले में केंद्र व राज्य की योजनाओं का अंतिम पंक्ति तक के लोगों को लाभ दिलाने के लिए काम में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के लिए बैठक में अधिकारियों से कहा. बैठक में एडीएम सुमित कुमार पांडेय, गोविंदपुरा एसडीएम भुवन गुप्ता सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे.
