जबलपुर: कोतवाली थाना अंतर्गत शिव नगर निवासी कार सवार युवक को बाइक सवार बदमाशों ने रोका और उसके साथ मारपीट कर गले से सोने की चैन छीन ली। पीडि़त ने थाने पहुंंचकर आपबीती सुनाई लेकिन पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज किया और एफआईआर में लूटी गई चैन को गिरना बता दिया। मंगलवार को पीडि़त पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा और गुहार लगाई कि मामले में लूट की धाराएं लगाई जाएं पुलिस ने लूट का मामला दर्ज नहीं किया है।
पीडि़त शुभम अग्रवाल, पिता गिरीधर दास अग्रवाल, निवासी शिवनगर, दमोह नाका ने बताया कि 11 अप्रैल की शाम लगभग 9:30 बजे वे त्रिमूर्ति नगर से पत्नी एवं 20 दिन की नवजात बच्ची के साथ अपने घर लौट रहा था। जब चंडालभाटा मोड़ के पास पहुँचा, तभी तीन अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 20 जेड एफ 3487 पर सवार होकर अचानक उसकी कार के सामने आकर कट मारकर रुक गए और विवाद करने लगे।
साथ में छोटी बच्ची होने के कारण विवाद से बचने का प्रयास किया, परंतु लगभग 20 मीटर आगे जाकर उन्होंने पुन: उसकी गाड़ी रोक ली। स्थिति को देखते हुए मैंने निकलने की कोशिश की, इसी दौरान मेरी कार उनकी मोटरसाइकिल से हल्की टकरा गई। तभी तीनों में से एक व्यक्ति ने मेरी कॉलर पकड़ ली एवं सोने की चेन छीन ली। विरोध करने पर तीनों ने मिलकर साथ मारपीट की। सिर पर पत्थर से 4-5 बार वार किया, जिससे चोटें आ गई। इसके बाद कोतवाली थाने पहुंचे जहां से उसे अस्पताल भेजकर प्राथमिक उपचार एवं मेडिकल परीक्षण कराया गया।
उसी रात उससे आवेदन लिया गया किन्तु प्रकरण दर्ज नहीं किया गया, अगले दिन शाम को उसे थाना बुलाया गया, जहाँ आरोपी पहले से मौजूद थे, जिनमें वह व्यक्ति भी शामिल था जिसने उसकी चेन छीनी थी। किन्तु पुलिस द्वारा रिपोर्ट में चेन लूट की घटना दर्ज नहीं की गई। जबरन हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया कि अगर यदि हस्ताक्षर नहीं किए तो उसके खिलाफ भी मामला दर्ज कर दिया जाएगा। पीडि़त ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाते हुए कार्रवाई और लूट की धारा लगाने की मांग की है।
