खेल भावना से खेलें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदान करें: सिंह

भोपाल, 25 जून (वार्ता) मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में विशेष सशस्त्र बल (विसबल) दक्षिणी क्षेत्र अन्तर वाहिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता का आज शुभारंभ हुआ।

पुलिस मुख्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार 7वीं वाहिनी विसबल द्वारा 25 से 28 जून 2024 तक आयोजित की जा रही। इन प्रतियोगिताओं में अलग-अलग वाहिनियों के 391 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।

पुलिस महानिरीक्षक (विसबल) भोपाल रेंज, अभय सिंह बतौर ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। भोपाल की 7वीं वाहिनी के कमांडेंट हितेश चौधरी ने सभी खिलाड़ियों को शपथ दिलाई।

आईजी श्री सिंह ने कहा कि खेल भावना से खेलकर सर्वश्रेष्ठ प्रदान करें। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य में सुधार एवं प्रतियोगिता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इन प्रतियोगिताओं से खिलाड़ी शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनते हैं। उन्होंने कहा कि अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का मौका बहुत कम लोगों को मिलता है। आप सभी खेल भावना से खेलें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदान करने का प्रयास करें। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि आप सभी इस कार्यक्रम और प्रतियोगिता को नई ऊंचाइयां प्रदान करेंगे और नए कीर्तिमान रचेंगे, इसका मुझे पूर्ण विश्वास है।

उप पुलिस महानिरीक्षक (विसबल मध्य क्षेत्र) भोपाल अमित सांघी ने कहा कि मेरा सभी खिलाड़ी साथियों से आग्रह है कि वे अपनी पूरी क्षमता एवं उत्साह के साथ इन खेल गतिविधियों में हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी अपने अभ्यास और इच्छाशक्ति का परिचय देते हुए नए कीर्तिमान रचें, ऐसी मेरी शुभकामनाएं हैं।

विशेष सशस्त्र बल (विसबल) दक्षिणी क्षेत्र अन्तर वाहिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता 2024 के प्रथम दिवस 1500 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में भोपाल की 23वीं वाहिनी के आरक्षक जालम सिंह ने प्रथम, रीवा की 9वीं वाहिनी के आरक्षक सीताराम और 35वीं वाहिनी मंडला के आरक्षक दिनेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के अंत में कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने सभी को पुरस्कार वितरित किए।

इन प्रतियोगिताओं में विसबल दक्षिणी जोन में सम्मिलित विसबल की 9 इकाइयों 6वीं वाहिनी जबलपुर, 7वीं वाहिनी भोपाल, 8वीं वाहिनी छिन्दवाड़ा, 9वीं वाहिनी रीवा, 10वीं वाहिनी सागर, 23वीं वाहिनी भोपाल, 25वीं वाहिनी भोपाल, 35वीं वाहिनी मण्डला, 36वीं वाहिनी बालाघाट से आए खिलाड़ी, उनके कोच एवं टीम मैनेजर शामिल होंगे।

इस प्रतियोगिता में अखिल भारतीय पुलिस स्पोर्टस कन्ट्रोल बोर्ड नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त कुल 27 अलग-अलग खेलों जिनमें हॉकी, फुटबॉल, वालीबॉल, बास्केटबॉल, हैण्डबॉल, कबड्डी, एथेलेटिक्स, कुश्ती, जूड़ो, वेट लिफ्टिंग आदि की स्पर्धाएं संपन्न कराई जाएंगी ।

मध्य प्रदेश में पुलिस द्वारा वर्ष 1982 से अन्तरवाहिनी एवं अन्तरजिला प्रतियोगिताएँ आयोजित करवाई जा रही हैं। इस के लिए मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 8 खेल जोन बनाए गए हैं। विसबल मुख्यालय के कुशल मार्गदर्शन में पुलिस महानिरीक्षक विशेष सशस्त्र बल भोपाल रेंज के अधीन सेनानी 7वीं वाहिनी (स्पोर्टस ऑफिसर म.प्र. पुलिस) द्वारा प्रतिवर्ष विसबल दक्षिण जोन अंतर वाहिनी क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन भोपाल में किया जाता है। इस प्रतियोगिता की अवधि के दौरान ही म.प्र. पुलिस के शेष 7 खेल जोन्स में जोनल खेल प्रतियोगिताएं संपन्न करवाई जाती हैं।

Next Post

50 वर्ष की हुयी करिश्मा कपूर

Tue Jun 25 , 2024
मुंबई, 25 जून (वार्ता) बॉलीवुड की जानीमानी अभिनेत्री करिश्मा कपूर आज 50 वर्ष की हो गयी। 25 जून 1974 को मुंबई में जन्मी करिश्मा कपूर को अभिनय की कला विरासत में मिली। उनके पिता रणधीर कपूर अभिनेता, जबकि मां बबीता जानी-मानी फिल्म अभिनेत्री थीं। करिश्मा कपूर ने बतौर अभिनेत्री अपने […]

You May Like