इंदौर:नगर निगम द्वारा आज केंद्र सरकार के नारी शक्ति वंदन अधिनियम कानून के प्रस्ताव का समर्थन पारित किया. बैठक में यह संकल्प लिया गया कि अधिनियम के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा. साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों सड़कों और स्मार्ट टॉयलेट के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई.
आज सिटी बस कार्यालय में नगर निगम एमआईसी की विशेष बैठक हुई. बैठक में केंद्र सरकार के नारी शक्ति अधिनियम कानून के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया. महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम कानून लाने को महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया गया. महापौर ने नगर निगम की महिला पार्षदों और शहर की सभी महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह कानून महिलाओं को राजनीति में ज्यादा मौका देकर देश के नेतृत्व में उनकी भागीदारी तय करेगा. एमआईसी बैठक में कुशवाह नगर में 20 करोड़ रुपए की लागत से सड़क निर्माण कार्य और शहर में 25 नए स्मार्ट टॉयलेट बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई.
महिला सशक्तिकरण को मिलेगी नई दिशा
बैठक में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि नारी शक्ति के निर्णय हमेशा देश को नई दिशा देते हैं. उक्त महिला आरक्षण बिल से लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ेगा. इससे देश को एक सूत्र में बांधने में मदद मिलेगी. साथ ही ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को राजनीति में लाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे.
