जतारा: क्षेत्र के बैरवार गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला सामने आया, जहां एक युवती अपने प्रेमी से नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि प्रेमी पिछले चार दिनों से उससे बात नहीं कर रहा था, जिससे आहत होकर युवती ने यह कदम उठाया।सुबह करीब 5 बजे टावर से आवाजें सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस व प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जतारा पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। युवती करीब चार घंटे तक टावर पर चढ़ी रही और लगातार अपने प्रेमी का नाम लेकर उसे बुलाती रही, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रशासन की समझाइश और प्रेमी के मौके पर पहुंचने के बाद युवती नीचे उतर आई। ग्रामीणों के अनुसार दोनों अलग-अलग जाति के हैं और विवाह करना चाहते हैं, लेकिन सामाजिक बाधाएं आड़े आ रही हैं।घटना के बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई, जहां उन्हें समझाइश दी और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
