जबलपुर:14 अप्रैल बाबा भीमराव अंबेडकर जी की जयंती पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं समस्त बिंग प्रकोष्ठ के द्वारा विभिन्न आयोजन संपन्न किए जाएंगे। इस संबंध में
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने बताया कि कांग्रेस कार्यालय, रसल चौक में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिसमें सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 14 अप्रैल को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर जी की जयंती पर कांग्रेस पार्टी के द्वारा विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार 14 अप्रैल की सुबह 10 बजे अंबेडकर चौक पर बाबासाहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर कांग्रेस पार्टी द्वारा पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। फिर सुबह 10:30 बजे से 2:00 बजे तक शहर के सभी 79 वार्डों में बाबा साहेब की प्रतिमा तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के पदाधिकारी,वार्ड अध्यक्ष कार्यकर्ता एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इसके बाद शाम 4:00 बजे विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली रसल चौक से प्रारंभ होकर ज्योति टॉकीज, तीन पत्ती, मालवीय चौक, लार्डगंज थाना, बड़ा फुहारा, आजाद चौक, अंधेरदेव मार्ग, विक्टोरिया अस्पताल, घंटाघर एवं हाईकोर्ट चौक होते हुए अंबेडकर चौक पहुँचेगी।अंबेडकर चौक में स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा पर 21 फिट की पुष्प माला से पुष्पांजलि अर्पित कर, संगोष्ठी का आयोजन कर रैली का समापन किया जाएगा। इस अवसर पर वक्ताओं द्वारा बाबा साहेब के जीवन, उनके विचारों तथा समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा। साथ ही सभी नागरिकों से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया जाएगा।
