एसी कमरों में बैठे अधिकारी किसानों के दर्द से अनजान: पटवारी

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गुरुवार को सागर जिले की कृषि मंडी का दौरा कर किसानों की समस्याएं सुनीं और प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग की।

पटवारी बड़ामलहरा में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे, जहां संत रविदास जी और गंगा मैया की मूर्तियों की स्थापना की जा रही थी। इस दौरान उन्होंने कहा कि संत रविदास का समता और मानवता का संदेश तथा गंगा मैया का आशीर्वाद प्रदेशवासियों का मार्गदर्शन करता रहे।

मंडी निरीक्षण के दौरान किसानों ने अव्यवस्थाओं, गेहूं खरीदी में देरी और बारदान (बोरी) की कमी को लेकर नाराजगी जताई। इस पर पटवारी ने आरोप लगाया कि यह केवल संसाधनों की कमी नहीं, बल्कि सरकार की नीयत की कमी को दर्शाता है।

सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक गेहूं खरीदी शुरू नहीं हुई है, जिससे किसान गर्मी में मंडियों के बाहर इंतजार करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा, “मंडी चार दिन से बंद है और सरकार जश्न में व्यस्त है, जबकि अधिकारी एसी कमरों में बैठकर किसानों की परेशानियों से अनजान बने हुए हैं।”

पटवारी ने किसानों की आय आठ गुना बढ़ने के दावों पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या वास्तव में किसानों की आय में बढ़ोतरी हुई है।

उन्होंने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि घोषित “किसान कल्याण वर्ष” अब “किसान शोषण वर्ष” बन गया है। अंत में उन्होंने सागर कलेक्टर से मंडी व्यवस्था सुधारने, गेहूं खरीदी शीघ्र शुरू करने और किसानों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

 

Next Post

पोहे, भोजन और सुंदरकांड के साथ शराब दुकान का विरोध, फिलहाल खुलने पर रोक

Fri Apr 10 , 2026
इंदौर:मालवा मिल क्षेत्र में एनटीसी की जमीन पर प्रस्तावित शराब दुकान के विरोध में रहवासियों ने अनोखे अंदाज में धरना-प्रदर्शन किया. आंदोलन कर रहे रहवासियों ने सुबह धरना स्थल पर पोहे बनाकर नाश्ता किया, शाम को वहीं भोजन पकाकर खाया और रात में सुंदरकांड पाठ कर अधिकारियों व ठेकेदार को […]

You May Like