सीहोर। वारंटी बदमाशों की धरपकड़ और निगरानीशुदा अपराधियों की जांच के लिए बीती रात जिले में पुलिस ने व्यापक कॉम्बिंग गश्त की. सुबह 5 बजे तक चले अभियान में 225 पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों ने हिस्सा लिया.
इस दौरान पुलिस ने कुल 164 वारंटियों को गिरफ्तार किया, जिनमें स्थायी और गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं. वहीं 137 चिन्हित गुंडा-बदमाशों की सघन चेकिंग की गई, जिनमें निगरानीशुदा अपराधी भी शामिल रहे. एक अन्य मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि 3 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई.
कॉम्बिंग गश्त से पहले सभी थाना प्रभारियों और टीमों को वरिष्ठ अधिकारियों ने ब्रीफ किया. पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने कोतवाली और बिलकिसगंज थाने पहुंचकर दिशा-निर्देश दिए, वहीं एडिशनल एसपी सुनीता रावत ने मंडी और इछावर थाना क्षेत्रों में टीमों को ब्रीफ किया. एसपी शुक्ला ने बेहतर कार्य करने वाली टीमों को पुरस्कृत करने की घोषणा की.
