भाजपा का खरगे के बयान पर पलटवार, माफी मांगने को कहा

नयी दिल्ली, 07 अप्रैल (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के गुजरात के लोगों के अनपढ़ वाले बयान पर तीखा हमला बोलकर घेरा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में श्री खरगे से माफी की मांग करते हुए उनके बयान को “अशोभनीय और आपत्तिजनक” बताया।

श्री प्रसाद ने कहा कि किसी राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष द्वारा पूरे राज्य को “अनपढ़” कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल किया कि क्या महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, विक्रम साराभाई और मोरारजी देसाई जैसे महान व्यक्तित्व भी अनपढ़ थे। उन्होंने कहा कि गुजरात देश की महान भूमि है, जिसने कई महापुरुषों को जन्म दिया और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

श्री प्रसाद ने कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और नेता प्रियंका गांधी वाड्रा से इस मुद्दे पर स्पष्ट रुख बताने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने अध्यक्ष के बयान से खुद को अलग करना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए।

श्री प्रसाद ने श्री खरगे के एक अन्य बयान का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इस तरह की भाषा देश में सांप्रदायिक तनाव पैदा कर सकती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान अल्पसंख्यक समाज को भड़काने और धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि गुजरात की साक्षरता दर लगभग 82 प्रतिशत है और इसमें लगातार सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध के कारण किसी राज्य या उसके लोगों का अपमान करना उचित नहीं है।

श्री प्रसाद ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी के उस बयान की भी आलोचना की, जिसमें उन्होंने केंद्रीय बलों को लेकर टिप्पणी की थी। भाजपा ने इसे भी गैर-जिम्मेदाराना बयान बताया।

 

Next Post

मिर्ची पाउडर झोंककर किया हमला, युवक घायल

Tue Apr 7 , 2026
इंदौर:जूनी इंदौर थाना क्षेत्र में युवक पर मिर्ची पाउडर झोंककर मारपीट करने का मामला सामने आया है. हमले में युवक घायल हुआ, पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के साहिल रेसिडेंसी में रहने वाले 22 वर्षीय मानव माटा ने शिकायत दर्ज […]

You May Like

मनोरंजन