जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में सोमवार को विश्वविद्यालय शिक्षा विभागों में सत्र 2026–27 की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर प्रवेश समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने की। बैठक में कुलगुरु प्रो. वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी सत्र की प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सरल और समयबद्ध होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पिछले सत्र 2025–26 में प्रवेश संख्या में 92 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी और इस बार लक्ष्य इसे दोगुना करने का है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए गए। बैठक की शुरुआत में नवागत कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल का स्वागत किया गया। प्रवेश समिति समन्वयक प्रो. सुरेन्द्र सिंह ने विभागों में संचालित पाठ्यक्रमों में प्रवेश बढ़ाने के लिए रणनीति बनाने पर जोर दिया।
ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया जाएगा और छात्र एमपी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से कहीं से भी आवेदन व शुल्क जमा कर सकेंगे। साथ ही, प्रवेश से संबंधित सभी तिथियों और सूचनाओं को समय-समय पर पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए। परीक्षा नियंत्रक डॉ. एस.के. दुबे ने बताया कि अब छात्र अपनी पसंद के विषय संयोजन के साथ प्रवेश ले सकेंगे, जिससे उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
ये रहे उपस्थित
बैठक में प्रो. अलका नायक, प्रो. एस.एस. संधू, प्रो. धीरेन्द्र पाठक, डॉ. अजय गुप्ता, डॉ. आर.के. गुप्ता, डॉ. विनय तिवारी सहित अन्य सदस्यों ने नवीन पाठ्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, सेंट्रलाइज फीस और ऑनलाइन प्रक्रिया को सुदृढ़ बनाने पर अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर डॉ. अजय मिश्रा, डॉ. तरुणा राठौर, डॉ. जया सिंह, डॉ. प्रदीप विश्वकर्मा, डॉ. अर्पण शुक्ला एवं डॉ. हरीश यादव सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
