नयी दिल्ली, (वार्ता) दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर इलाके में 17 वर्षीय लड़के की हत्या के मामले में दो नाबालिगों सहित तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार रात को पुलिस को रात करीब 10:30 बजे चाकूबाजी की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर अधिकारियों ने पाया कि किशोर गंभीर रूप से घायल था और उसके शरीर पर चाकू के कई घाव थे। उसे तुरंत पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद, एक फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और सबूत जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है; इसके तहत सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण करने के साथ ही स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई गयी और संभावित संदिग्धों की गतिविधियों पर नज़र रखी गयी। पुलिस ने 21 वर्षीय निक्की और दो 17 वर्षीय लड़कों को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली और बताया कि पीड़ित के साथ उनका पहले से ही कोई विवाद चल रहा था।
शुरुआती जांच से पता चलता है कि पीड़ित और आरोपी एक-दूसरे को जानते थे और एक ही समुदाय से ताल्लुक रखते थे। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या दोनों पक्षों के बीच पहले हुई किसी कहासुनी या झड़प के कारण ही यह जानलेवा हमला हुआ था।
