इंदौर:सुल्लाखेड़ी क्षेत्र में खेत पर काम कर रहे एक किसान पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया. हमले में किसान के हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं. उसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया है.रेंजर संगीता ठाकुर ने बताया कि सुल्लाखेड़ी मे रहने वाले 35 वर्षीय अर्जुन पिता मांगीलाल शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे अपने खेत में गुलाब के फूल तोड़ रहा था.
इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया. हमले में अर्जुन के एक हाथ पर गहरे घाव आए हैं, जबकि चेहरे पर भी नाखूनों के निशान पड़े हैं. पास के किसान प्रहलाद रघुवंशी ने बताया कि घायल अर्जुन को तत्काल एमवाय अस्पताल लेकर गए, जहां उसका उपचार किया जा रहा है. क्षेत्र के किसानों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से इलाके में तेंदुए की मूवमेंट देखी जा रही थी, जिससे पहले भी दहशत का माहौल बना हुआ है.
