इटारसी। जिले के इटारसी वन परिक्षेत्र में अवैध कटाई का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। छीपीखापा सर्किल में करोड़ों रुपए की अवैध कटाई का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि सिवनी बानापुरा रेंज में वन माफियाओं ने करीब दो सैकड़ा सागौन के पेड़ों की कटाई कर दी। इस घटना के सामने आने के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, सिवनी बानापुरा रेंज के खोरा सर्किल में वन माफियाओं ने विभागीय लापरवाही का फायदा उठाकर बड़े पैमाने पर सागौन के पेड़ काट दिए। मामले की सूचना मिलते ही एसडीओ अनिल विश्वकर्मा और वन परिक्षेत्र अधिकारी ज्ञान सिंह पवार मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान भारी संख्या में पेड़ों की कटाई देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान अधिकारियों को सुखतवा सर्किल की चिचवानी बीट के चौकीदारों डोरीलाल और रामचरण पर संदेह हुआ। दोनों को पूछताछ के लिए बुलाया गया, जहां उनके साथ मारपीट किए जाने की भी बात सामने आई है।
इसी क्रम में बुधवार को सुखतवा सर्किल के नाकेदार महिपाल सिंह यादव और रूपेश साहू को भी बानापुरा रेंज कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया। महिपाल यादव ने आरोप लगाया है कि एसडीओ अनिल विश्वकर्मा ने पूछताछ के दौरान उनके साथ डंडे से मारपीट की।
घटना के बाद महिपाल यादव ने सिवनी मालवा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराते हुए आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
