इंदौर: चिड़ियाघर में दर्शकों के लिए एक नया आकर्षण जुड़ गया है. पहली बार यहां ऑस्ट्रेलिया के दुर्लभ और रंग-बिरंगे ‘रैंबो लोरीकिट’ पक्षियों के जोड़े लाए जा रहे हैं. ये पक्षी अपनी मल्टीकलर बनावट और चंचल स्वभाव के कारण खास पहचान रखते हैं.चिड़ियाघर प्रभारी डॉ उत्तम यादव ने बताया कि कुल 20 जोड़े पक्षियों मंगाया गया है, जिनमें से पहले चरण में 10 जोड़े इंदौर पहुंच चुके हैं. इन्हें हैदराबाद से विशेष व्यवस्था के तहत लाया गया है. आने वाले दिनों में बाकी पक्षियों के भी पहुंचने की संभावना है.
इन विदेशी पक्षियों को दर्शकों के लिए खास तौर पर तैयार किए गए पीपी मॉडल के बर्ड एवियरी में रखा जाएगा. यह एवियरी आधुनिक सुविधाओं से लैस है और पक्षियों के प्राकृतिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है. इसका उद्देश्य न केवल पक्षियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, बल्कि दर्शकों को भी एक अनोखा अनुभव देना है. ‘रैंबो लोरीकिट’ आकार में छोटे होते हैं, लेकिन उनके चमकीले और आकर्षक रंग बच्चों और पर्यटकों को खासा आकर्षित करते हैं. चिड़ियाघर प्रशासन का मानना है कि इन नई प्रजातियों के आने से पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी.
लोगों का रूझान वन्यजीवों की ओर बढ़े
चिड़ियाघर में बर्ड सेंचुरी विकसित करने की योजना के तहत लगातार नए और आकर्षक पक्षियों को लाने की कोशिश की जा रही है, ताकि लोगों का रुझान प्रकृति और वन्यजीवों की ओर बढ़े.
शैक्षणिक और पर्यटन की दृष्टि से अहम पहल
विशेषज्ञों का कहना है कि इन विदेशी पक्षियों के आगमन से बच्चों और युवाओं को विभिन्न प्रजातियों के बारे में जानने का अवसर मिलेगा। स्कूल और कॉलेज के छात्र यहां आकर जैव विविधता और पक्षी संरक्षण के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
