सतना: जिले के सभापुर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक महिला ने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें महिला ने अपनी मौत के लिए किसी को भी जिम्मेदार नहीं ठहराया है। नोट में उसने वाराणसी में अंतिम संस्कार करने और अपने 12 वर्षीय बच्चे का ख्याल रखने की इच्छा भी व्यक्त की है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिरसिंहपुर वार्ड क्रमांक-9 निवासी 40 वर्षीय नीलू मिश्रा पत्नी स्वर्गीय रविशंकर मिश्रा ने शनिवार को अपने घर के पास स्थित कुएं में छलांग लगा दी। नीलू मिश्रा समाजसेवी कमलेश मिश्रा की बहू थीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। परिजनों के अनुसार, करीब 10 साल पहले नीलू मिश्रा के पति रविशंकर मिश्रा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान चल रही थीं। परिजनों ने बताया कि पति की मौत के बाद से ही वह लंबे समय से तनाव और अवसाद जैसी स्थिति से गुजर रही थीं। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
घटना की सूचना मिलने के बाद सभापुर थाना प्रभारी शंखधर द्विवेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से काफी प्रयास के बाद गहरे कुएं से महिला के शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
वाराणसी में अंतिम संस्कार की इच्छा
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें महिला ने अपनी मौत के लिए किसी व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया है। सुसाइड नोट में उसने अपनी अंतिम इच्छा जताते हुए वाराणसी में अंतिम संस्कार करने की बात लिखी है। इसके साथ ही उसने अपने 12 वर्षीय बच्चे का ध्यान रखने की अपील भी की है। पुलिस ने सुसाइड नोट को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
