आलीराजपुर: बोहरा समाज के धर्मगुरु सैयदना साहब के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिले में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान और सांसद अनिता चौहान ने आम्बुआ स्थित बोहरा समाज मस्जिद पहुंचकर इमाम साहब एवं समाज के लोगों से मुलाकात की।इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष भरत माहेश्वरी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विक्की माहेश्वरी, विधायक प्रतिनिधि गोविंदा गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष जुवानसिंह और यश राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।
समाजजनों द्वारा रखी गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मंत्री नागरसिंह चौहान ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से बात कर त्वरित समाधान के निर्देश दिए। मंत्री और सांसद ने भरोसा दिलाया कि सैयदना साहब के आगमन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन हर संभव सहयोग देगा।उल्लेखनीय है कि सैयदना साहब के तीन दिवसीय प्रवास के दौरान उनका आम्बुआ में रात्रि विश्राम भी प्रस्तावित है। समाजजनों ने प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए आयोजन को सफल बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
