
नीमच। नगर पालिका परिषद शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण के टॉप-10 शहरों में शामिल करने के उद्देश्य से रात्रिकालीन सफाई अभियान चला रही है। इसी कड़ी में बुधवार देर रात नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और सीएमओ दुर्गा बामनिया ने टैगोर मार्ग पर चल रहे सफाई अभियान का पैदल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान, लगभग 15 सफाई कर्मियों की दो टीमें रात में सडक़ की सफाई कर रही थीं। स्वास्थ्य सभापति सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित थे। अध्यक्ष और सीएमओ ने सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
अधिकारियों ने टैगोर मार्ग पर पैदल घूमकर सभी दुकानदारों से स्वच्छता नियमों का पालन करने की अपील की। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने सफाई के बाद मिट्टी छोड़ दिए जाने की शिकायत की, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। नपा अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि बार-बार सूचित करने के बाद भी गंदगी पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी।
अध्यक्ष चोपड़ा ने बताया कि टैगोर मार्ग शहर का मुख्य मार्ग है। रात्रि में वाहनों की आवाजाही कम होने से सफाई बेहतर तरीके से हो पाती है, जिससे सुबह शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण मिलता है। उन्होंने बोहरा गली के निवासियों की शिकायत पर अब वहां रात्रि में भी कचरा वाहन चलाने की घोषणा की।
उन्होंने समस्त नीमच वासियों से इस मुहिम में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता से बीमारियां दूर रहती हैं और शहर को नंबर-1 बनाने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। इस अवसर पर स्वच्छता निरीक्षक भेरु अहीर भारद्वाज, गोपाल जी नरवाले, अविनाश घेघट, दरोगा ऋषि, गैंग प्रभारी दीपक गौहर और आकाश सौदे सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
