नयी दिल्ली, 26 मार्च (वार्ता) पेट्रोलियम समेत विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार करने वाली कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने गुरुवार को उन मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया जिनमें दावा किया गया था कि कंपनी ईरान का कच्चा तेल खरीद रही है।
कंपनी ने एक बयान जारी कर इन खबरों को आधारहीन और गलत बताया। बयान में कहा गया है, रिलायंस इंडस्ट्रीज मीडिया में आयी इन खबरों को पूरी तरह खारिज करती है कि कंपनी ने मूल रूप से ईरान से आने वाले कच्चे तेल की खरीद की है। ये खबरें आधारहीन हैं और इनमें भ्रामक तथा गलत दावे किये गये हैं।
मीडिया में इस तरह की खबरें आयी थीं कि अमेरिका द्वारा ईरानी कच्चे तेल की खरीद पर से प्रतिबंध हटाये जाने के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज ने ईरान से 50 लाख बैरल कच्चा तेल खरीदा है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने मीडिया से अपील की है कि वह खबरों के प्रकाशन से पहले तथ्यों की जांच कर ले।
