बनखेड़ी। बनखेड़ी के समीप ग्राम पिपरपानी स्थित भिलट दरबार में पूर्वजों से चली आ रही परंपरा के अनुसार 84 ज्वारे कलश की विधिवत स्थापना की गई। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।
ग्राम के सरपंच सुशील तिवारी ने बताया कि भिलट देव के दरबार में ज्वारे स्थापना की परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जिसे आज भी पूरे श्रद्धा और आस्था के साथ निभाया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक ठाकुरदास नागवंशी ने भिलट दादा दरबार पहुंचकर ज्वारों के दर्शन किए। साथ ही उन्होंने गांव में आयोजित गोड़ी भगवत कथा में शामिल होकर कथा श्रवण किया। आदिवासी समाज द्वारा आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में विधायक ने लोगों की आस्था और परंपराओं की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान विधायक नागवंशी ने वार्ड क्रमांक 14 में रंगमंच निर्माण हेतु 4 लाख 50 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा भी की। इसके अलावा उन्होंने ग्राम में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया और सरपंच के साथ गांव के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की।
इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष हरीश मालानी, मंडल अध्यक्ष प्रतिनिधि रमेश पटेल, अंकित राय, पतरकुही सरपंच गजेन्द्र पटेल, सरपंच मनोज राय, हरिओम मेहरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
