जबलपुर: शहर के विकास और जनहित में राजस्व संग्रहण को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम अब पूरी तरह से एक्शन मोड में है। मंगलवार को निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार स्वयं भारी अमले के साथ औद्योगिक क्षेत्र रिछाई पहुंचे और टैक्स वसूली की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त के साथ नगर निगम के अधिकारियों की पूरी टीम मौजूद रही, जिसमें राजस्व प्रभारी एम.आई.सी. सदस्य डॉं. सुभाष तिवारी के साथ अपर आयुक्त अरविंद शाह, अंजू सिंह, सहायक आयुक्त आनंद मिश्रा, संभागीय अधिकारी संतोष अग्रवाल एवं सुरेंद्र मिश्रा, राजस्व निरीक्षक शिरीष उपाध्याय, प्रमोद श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
निगमायुक्त ने टीम के सदस्यों को निर्देशित किया कि टैक्स वसूली की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो संस्थान नियमानुसार टैक्स जमा नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान अधिकारियों ने उद्योगपतियों से संवाद कर उन्हें शहर के विकास में भागीदार बनने के लिए प्रेरित किया और 31 मार्च तक टैक्स जमा करने अपील की।
