ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर ने पश्चिम एशिया संकट के बीच उर्जा सुरक्षा पर आपसी सहयोग की प्रतिबद्धता दोहराई

कैनबरा, 23 मार्च (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया और सिंगापुर ने पश्चिम एशिया संकट के चिंताओं के बीच ऊर्जा सुरक्षा और आपूर्ति श्रृंखला लचीलेपन को मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

एक संयुक्त बयान में दोनों देशों ने कहा कि उनकी ‘समृद्धि, सुरक्षा, स्थिरता और आर्थिक भविष्य एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं’ और ये रणनीतिक विश्वास, खुले बाजार और नियम आधारित व्यापार पर आधारित एक दीर्घकालिक साझेदारी पर टिके हैं।

पश्चिमी एशिया की स्थिति और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं तथा कीमतों पर इसके प्रभाव पर ‘गहरी चिंता’ व्यक्त करते हुए दोनों पक्षों ने कहा कि वे आवश्यक संसाधनों की आपूर्ति में स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करेंगे। बयान में कहा गया, “हम क्षेत्रीय सहयोग को गहरा करने, नवीकरणीय ऊर्जा परिवर्तन को तेज करने, अनुचित आयात और निर्यात प्रतिबंधों को हल करने और खुले व्यापार को बनाए रखने सहित ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला लचीलेपन को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

दोनों देशों ने पेट्रोलियम उत्पादों डीजल और तरल प्राकृतिक गैस (एलएनजी) सहित प्रमुख ऊर्जा आपूर्ति की आवाजाही को सुविधाजनक बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और ऊर्जा व्यापार को प्रभावित करने वाली बाधाओं को दूर करने के लिए एक-दूसरे को सूचित करने तथा एक दूसरे से परामर्श करने पर सहमति भी व्यक्त की।

दोनों देशों ने अन्य व्यापारिक भागीदारों से भी वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं को खुला रखने के प्रयासों में शामिल होने का आह्वान किया और आर्थिक स्थिरता तथा क्षेत्रीय समृद्धि की रक्षा के लिए सहयोग के महत्व पर जोर दिया।

 

Next Post

स्टार्मर, ट्रंप ने होर्मुज संकट पर बातचीत की, इसे खोलने की प्रतिबद्धता दोहरायी

Mon Mar 23 , 2026
वाशिंगटन, 23 मार्च (वार्ता) ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार देर रात फोन पर हुई बातचीत के दौरान होर्मुज जलडमरूमध्य संकट पर चर्चा की। ब्रिटिश प्रधानमंत्री के कार्यालय डाउनिंग स्ट्रीट की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, “वे इस बात पर […]

You May Like