इंदौर: राजवाड़ा क्षेत्र में ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए ई-रिक्शा पर लगाया गया प्रतिबंध अब पूरी तरह बेअसर नजर आ रहा है. ई-रिक्शा चालकों ने फिर से सड़कों पर कब्जा जमा लिया है.
राजवाड़ा चौक पर ई-रिक्शा चालक खुलेआम वाहन खड़े कर सवारियां चढ़ा-उतार रहे हैं. इससे दिनभर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है और राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है.
राजबाड़ा चौक पर अवैध स्टैंड
राजबाड़ा चौक स्थित पुलिस चौकी के पास ई-रिक्शा चालकों ने अवैध रूप से स्टैंड बना लिया है. यहां हर समय 10 से 15 ई-रिक्शा खड़े रहते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और यातायात बाधित होता है.
कार्रवाई नहीं, सिर्फ औपचारिकता
ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई केवल ई-रिक्शा को थोड़ा आगे-पीछे करने तक सीमित है. सख्त कदम नहीं उठाए जाने से चालकों के हौसले बुलंद हैं और वे नियमों की अनदेखी कर रहे हैं.
सिटी बस स्टैंड और आसपास भी अव्यवस्था
सिटी बस स्टैंड के आसपास भी ई-रिक्शा का जमावड़ा ट्रैफिक व्यवस्था को बिगाड़ रहा है. चालक कहीं भी वाहन रोककर सवारी बैठाने-उतारने लगते हैं, जिससे पूरे इलाके की व्यवस्था चरमरा गई है.
स्थिति नहीं सुधरी तो बढ़ेंगी दिक्कतें
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में ट्रैफिक समस्या फिर सामने आ सकती है
