जबलपुर: शहर की सुरक्षा में अहम रोल निभाने वाले सीसीटीव्ही कैमरों में चोरों ने सेंध लगा दी है। गोराबाजार थाना अंतर्गत कजरवारा सिद्धेश्वरी मंदिर के पास नगर निगम द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे अज्ञात चोर चुराकर ले गए है। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।पुलिस के मुताबिक नगर निगम जोन क्रमांक 11 के सुपरवाइजर मिहीलाल पटेल ने गोराबाजार थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि बीती रात कजरवारा सिद्धेश्वरी मंदिर तिराहे पर लगे दो कैमरे गायब मिले।
इन कैमरों की कीमत लगभग 8,000 रुपये बताई जा रही है। सुपरवाइजर के अनुसार, यह न केवल शासकीय संपत्ति की हानि है, बल्कि इस घटना से क्षेत्र की निगरानी और सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। पुलिस अब आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
