जबलपुर: बीती रात शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों, संजीवनी नगर और गोहलपुर में बेखौफ चाकूबाजों ने सरेराह अड़ीबाजी और रंजिश के चलते व्यापारियों को निशाना बनाया। बदमाशों ने न केवल रास्ता रोककर रुपयों की मांग की, बल्कि विरोध करने पर चाकू से हमला कर लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार संजीवनी नगर थाना अंतर्गत वन विभाग ऑफिस के पास रहने वाले सोहनलाल साहनी (46) गुरंदी बाजार में गोली-बिस्कुट के थोक व्यापारी हैं, गुरुवार रात करीब 9:45 बजे अपनी एक्टिवा एमपी 20 वाय 8754 से घर लौट रहे थे। लाल मैदान स्थित मारुति मार्बल के सामने एक मोटर साइकिल पर सवार तीन नकाबपोश युवकों ने उनका रास्ता रोका। बदमाशों ने सोहनलाल से शराब पीने के लिए 2 हजार रुपये की मांग की। जब व्यापारी ने रुपये देने से मना किया, तो पीछे बैठे युवक ने चाकू निकालकर उनके दाहिने पैर पर हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
गोहलपुर में जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष
दूसरी वारदात गोहलपुर थाना क्षेत्र में हुई। मिलौनीगंज निवासी वहजुल कमर (50) अपनी दुकान बंद कर ओला गाड़ी से घर जा रहा था मल्टी गेट के पास दो बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया और अवैध रूप से पैसों की मांग करने लगे। बदमाशों ने वहजुल की जांघ और हाथ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। शोर सुनकर जब उनके भाई वसीम और मोहम्मद अयूब बचाने दौड़े, तो हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। भागते समय आरोपियों ने चिल्लाकर कहा आकिब भाईजान की जमीन छोड़ दो, वरना ठीक नहीं होगा। पीड़ित वहजुल ने पुलिस को बताया कि उसने हाल ही में अमखेरा में बैंक फाइनेंस के जरिए एक जमीन खरीदी है, जिसे लेकर आकिब से उनका विवाद चल रहा है।
