जबलपुर: बेलखेड़ा पुलिस ने देर रात सुनाचर नर्मदा घाट से अवैध रूप से रेत भरकर ले जा रहे एक बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। इस मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया है।जानकारी के अनुसार देर रात जब बेलखेड़ा पुलिस की टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि सुनाचर नर्मदा नदी की ओर से एक बिना नंबर का महिंद्रा ट्रैक्टर रेत का अवैध परिवहन करते हुए मनकेड़ी की ओर आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और मनकेड़ी चौराहे पर घेराबंदी की गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर जब ट्रैक्टर को रोककर तलाशी ली, तो उसमें भारी मात्रा में अवैध रेत भरी पाई गई। पुलिस ने जब चालक अखिलेश लोधी 30 वर्ष निवासी ग्राम सुनाचर से रेत के दस्तावेज और रॉयल्टी रसीद मांगी, तो वह कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान आरोपी चालक अखिलेश ने खुलासा किया कि वह ट्रैक्टर मालिक हेमराज के निर्देश पर सुनाचर नर्मदा घाट से रेत की चोरी कर उसे मनकेड़ी की ओर खपाने ले जा रहा था। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है। पुलिस अब ट्रैक्टर मालिक की तलाश में जुटी है।
