नयी दिल्ली, 09 मार्च (वार्ता) नवोदित विमान सेवा कंपनी अकासा एयर ने पश्चिम एशिया संकट के बीच बिना शुल्क टिकट रद्द कराने और यात्रा की तारीख में बदलाव का लाभ 31 मार्च तक की बुकिंग पर देने की घोषणा की है। अकासा ने सोमवार को जारी अपडेट में बताया कि यात्री प्रभावित मार्गों पर 31 मार्च 2026 तक की यात्रा की बुकिंग के लिए बिना किसी शुल्क के टिकट रद्द करा सकते हैं या यात्रा की तारीख में बदलाव कर सकते हैं।
एयरलाइन ने बताया कि सुरक्षा स्थिति के समीक्षा के बाद अकासा ने 31 मार्च तक अहमदाबाद, बेंगलुरु, मुंबई, कोच्चि और कोझिकोड से सऊदी अरब के शहर जेद्दा की उड़ानों के परिचालन का निर्णय लिया है। बाद में स्थिति में बदलाव होने से ये उड़ानें रद्द भी हो सकती हैं। अबु धाबी तथा रियाद की उड़ानों को 11 मार्च तक और दोहा तथा कुवैत की उड़ानों को 15 मार्च तक के लिए रद्द कर दिया गया है। इंडिगो पहले ही 31 मार्च तक की उड़ानों के टिकट रद्द कराने या यात्रा की तारीख में बदलाव पर कोई शुल्क न लेने की घोषणा कर चुकी है।

