
सिंगरौली। जिले के चुरकी क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां हल्का पटवारी पर रिश्वत मांगने और बाद में धमकी देने के आरोप लगे हैं। पीड़ित महेन्द्र यादव, निवासी चुरकी तहसील दूधमनीया, ने कलेक्टर जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित के अनुसार, 01 फरवरी 2026 को हल्का चुरकी के पटवारी अम्ब्रीस बैस द्वारा भूमि संबंधी कार्य (पुल्ली एवं बंटवारा) कराने के एवज में 36 हजार रुपये की मांग की गई थी। इस पर महेन्द्र यादव ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पटवारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
पीड़ित का आरोप है कि इस कार्रवाई के बाद से ही संबंधित पटवारी द्वारा उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं। पटवारी ने कथित तौर पर कहा कि वह उसकी जमीन बर्बाद कर देगा और जान से मरवा भी सकता है। इन धमकियों से पीड़ित और उसका परिवार भय के साये में जी रहा है।
महेन्द्र यादव ने कलेक्टर से मांग की है कि संबंधित पटवारी का तत्काल स्थानांतरण किया जाए तथा उसे सुरक्षा प्रदान की जाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों में प्रशासन के प्रति विश्वास बना रहे।
