बिचौली मर्दाना बायपास क्षेत्र में तेंदुए की दहशत बरकरार

इंदौर: बिचौली मर्दाना बायपास और आसपास की कॉलोनियों में लगातार तेंदुए की मौजूदगी से दहशत फैल गई है. वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने उसे पकड़ने के लिए प्रगति विहार कॉलोनी के एक खाली प्लॉट में पिंजरा लगाया है, हालांकि रात से लेकर गुरुवार सुबह तक तेंदुआ ट्रैप में नहीं फंसा.
वन विभाग के योगेश यादव ने बताया कि तेंदुए की गतिविधि को देखते हुए बुधवार शाम रेस्क्यू टीम ने प्रगति विहार कॉलोनी क्षेत्र में पिंजरा स्थापित किया. टीम रातभर निगरानी करती रही, लेकिन सुबह तक पिंजरा खाली मिला. जबकि स्थानीय रहवासियों का कहना है कि रविवार से बिचौली मर्दाना बायपास रोड से लेकर प्रगति विहार कॉलोनी तक तेंदुआ लगातार नजर आ रहा है. इसके चलते आसपास की कॉलोनियों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग देर रात घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं. कॉलोनी के रहवासी और सिक्योरिटी गार्ड तेंदुए की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं.

बायपास पर एक ढाबे के पास बोर्ड के नीचे बैठा दिखा
सुरक्षा के तौर पर टॉर्च, लाठी-डंडे और सुतली बम-पटाखों का इंतजाम भी किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर उसे भगाया जा सके. सोमवार को कुछ लोगों ने तेंदुए का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था. वीडियो में तेंदुआ बायपास रोड स्थित एक ढाबे के पास लगे बोर्ड के नीचे बैठा दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद आसपास के इलाकों में दहशत बढ़ गई, वहीं वन विभाग भी तुरंत अलर्ट हो गया. डीएफओ लाल सुधाकर का कहना है कि इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और रेस्क्यू टीम को 24 घंटे सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. तेंदुए की मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है और उसे सुरक्षित पकड़ने के प्रयास जारी हैं.

Next Post

कॉलेज की समस्याओं को लेकर अभाविप का प्रदर्शन

Sat Mar 14 , 2026
इंदौर:अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की.विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि प्राइवेट स्कॉलरशिप से संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जिससे कई छात्र-छात्राएं इसका लाभ […]

You May Like

Play sound