इंदौर:अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय में विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की.विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि प्राइवेट स्कॉलरशिप से संबंधित जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जिससे कई छात्र-छात्राएं इसका लाभ नहीं ले पा रहे हैं. साथ ही बीएससी विभाग में विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में प्राध्यापकों की कमी होने और कुछ प्राध्यापकों के नियमित रूप से उपस्थित न रहने की शिकायत भी की गई.
इसके अलावा पिछले एक वर्ष से प्राइवेट परीक्षा फॉर्म बंद होने से कई विद्यार्थी परीक्षा से वंचित हो रहे हैं. छात्राओं ने गर्ल्स वॉशरूम की खराब स्थिति, पानी की कमी और सेनेटरी वेंडिंग मशीन की अनुपलब्धता की समस्या भी उठाई. विद्यार्थियों ने परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने, बिना आईडी कार्ड प्रवेश पर रोक, खेल सामग्री और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने की मांग की. साथ ही कॉलेज गेट के बाहर स्पीड ब्रेकर और बाइक पार्किंग में सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग की गई.
जल्द समाधान किया जाएगा
वहीं कॉलेज की प्राचार्य डॉ. ममता चंद्रशेखर ने बताया कि महाविद्यालय स्तर की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा, जबकि अन्य विभागों से संबंधित मुद्दों के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन के दौरान कुछ विद्यार्थियों ने प्राचार्य कक्ष में नारेबाजी कर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की, जिसका संज्ञान पुलिस को लेना चाहिए.
प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर कड़ा विरोध
जीएसीसी महाविद्यालय में चल रहे आंदोलन के दौरान प्राचार्य ने परिषद के प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए 2 दिन के भीतर विद्यार्थियों की सभी प्रमुख मांगों को पूर्ण करने का आश्वासन दिया. परिषद द्वारा महाविद्यालय में 7 सूत्रीय मांग एवं प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर कड़ा विरोध किया गया.
