
दतिया। जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में पचोखरा मोड़ के पास रेत से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 2 साल की बेटी गंभीर रूप से घायल है। तीन महीने की एक और बच्ची झाड़ियों में गिरने से सुरक्षित है।पंडोखर थाना क्षेत्र के ग्राम सदका निवासी भूपेंद्र परिहार अपनी पत्नी रोशनी परिहार के साथ अपनी बहन के घर गए थे। उनके साथ दो साल की बेटी रुचि और तीन माह की एक अन्य बेटी भी ग्राम पचोखरा गई हुई थी। पूरा परिवार एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस गांव लौट रहा था। इसी दौरान इंदरगढ़ क्षेत्र के पचोखरा मोड़ के पास खेरोना रेत खदान से रेत भरकर आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में भूपेंद्र और उनकी पत्नी रोशनी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
इस टक्कर में दो साल की बेटी रुचि गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद दतिया जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती इस घायल बच्ची की हालत अभी नाजुक बताई जा रही है। वहीं, तीन माह की मासूम बच्ची हादसे के वक्त मां की गोद से उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरी, जिससे उसकी जान बच गई।
