
जबलपुर। क्राइम ब्रांच और तीन थानों की संयुक्त टीम ने सट्टे के अड्डों पर दबिश देकर कुख्यात सटोरिए रीतेश चौकसे उर्फ चूना सहित कुल पांच आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी अनुसार क्राइम ब्रांच, थाना कैंट, सिविल लाइन और बेलबाग पुलिस ने ठिकानों पर एक साथ रेड मारी। इस दौरान सट्टा लिख रहे कुख्यात सटोरिए रीतेश चौकसे उर्फ चूना, रोहित सोनकर पिता चंद्रशेखर सोनकर 19 वर्ष निवासी खटीक मोहल्ला, निखिल सोनकर पिता राजकमल सोनकर 36 वर्ष निवासी खटीक मोहल्ला घमापुर, कमलेश सेन 45 वर्ष निवासी शुक्ला होटल के पास घमापुर, अशोक कलार 34 वर्ष निवासी खेरमाई मंदिर के पास गोरखपुर को पुलिस ने रंगे हाथ धर दबोचा। कार्यवाही के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 31 हजार 640 रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा मौके से बड़ी मात्रा में सट्टा पट्टी, सट्टा रसीद बुक और कैलकुलेटर जब्त किए गए हैं, जो सट्टे के अवैध कारोबार में इस्तेमाल किए जा रहे थे। पुलिस की कार्यवाही से सट्टा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
