जबलपुर: कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला मूल्यांकन समिति राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में वर्ष 2026-27 के लिए जिले की अचल संपत्ति के बाजार मूल्य पुनरीक्षण पर बैठक आयोजित की गई। समिति ने जिले की 2705 लोकेशनों में से 1366 लोकेशनों के दाम बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है। जिसके चलते औसतन 15.37 प्रतिशत की वृद्धि होना प्रस्तावित है। विशेष ध्यान उन क्षेत्रों पर दिया गया है जहां जमीनें गाइडलाइन कीमतों से अधिक पर रजिस्टर्ड हो रही हैं या जहां बड़े पैमाने पर विकास कार्य और नई कॉलोनियां विकसित हो रही हैं।
रिंग रोड और बायपास में हो सकती है वृद्धि
बैठक में रिंग रोड, बायपास और नए उभरते रिहायशी इलाकों में मूल्य वृद्धि पर विशेष जोर दिया गया है। समिति ने उप जिला मूल्यांकन समिति द्वारा तैयार गाइडलाइन प्रस्तावों की बारीकी से समीक्षा की और सदस्यों के सुझाव भी शामिल किए। बैठक में विधायक प्रतिनिधि सचिन जैन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
13 मार्च तक दर्ज कर सकते हैं आपत्ति
जिला मूल्यांकन समिति द्वारा अनुमोदित प्रस्ताव अब जनता की आपत्तियों के लिए जिला एवं उप पंजीयक कार्यालयों में उपलब्ध हैं। आम लोग 13 मार्च दोपहर 1 बजे तक कार्यालय में उपस्थित होकर प्रस्तावों का अवलोकन कर सकते हैं और अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद ही अंतिम प्रस्ताव केंद्रीय मूल्यांकन समिति भोपाल को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
