बैतूल में 24 घंटे में दर्ज किए साइबर अपराध के 11 मामले, 17 ई-ज़ीरो FIR भी हुई

बैतूल। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए बैतूल पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 11 साइबर अपराध के प्रकरण दर्ज किए हैं। साथ ही ई-ज़ीरो एफआईआर प्रणाली के तहत 17 प्रकरण पंजीबद्ध कर संबंधित थाना क्षेत्रों को अग्रेषित कर दिए गए हैं, जहां विधि अनुसार विवेचना शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के मार्गदर्शन में की गई।

पुलिस के अनुसार साइबर अपराधी विभिन्न तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। इनमें केवॉयसी बैंक अपडेट के नाम पर ओटीपी और बैंक डिटेल हासिल कर ठगी करना, एपीके या रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड कराकर खातों से राशि निकालना, सोशल मीडिया पर लाइक-रिव्यू या टास्क के नाम पर निवेश ठगी तथा व्हाट्सएप व शेयर ट्रेडिंग ग्रुप के जरिए अधिक मुनाफे का लालच देना शामिल है।

इसके अलावा बिजली कनेक्शन काटने की धमकी देकर तत्काल भुगतान कराना, ओएलएक्स या ऑनलाइन बिक्री में क्यूआर कोड स्कैन कराकर राशि डेबिट कराना, फर्जी कस्टमर केयर कॉल के माध्यम से बैंक जानकारी प्राप्त करना तथा लॉटरी या इनाम योजना के नाम पर प्रोसेसिंग शुल्क मांगने जैसे प्रकरण भी सामने आए हैं।

पुलिस अधीक्षक जैन ने बताया कि साइबर अपराधों के विरुद्ध सभी थाना प्रभारियों को त्वरित एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। समय पर सूचना मिलने पर ठगी गई राशि को होल्ड कराए जाने की संभावना अधिक रहती है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोशी ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी लालच, धमकी या दबाव में आकर अपनी गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी अज्ञात लिंक या एपीके फाइल को डाउनलोड न करें तथा ओटीपी, सीवीवी, एटीएम पिन या बैंक विवरण किसी से साझा न करें। ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

Next Post

मंडी टैक्स चोरी पर 346 क्विंटल मक्का से भरा ट्रक जप्त, 5 गुना जुर्माना वसूलकर छोड़ा

Fri Feb 20 , 2026
मुलताई। मंडी क्षेत्र से बिना मंडी टैक्स चुकाए मक्का लेकर जा रहे ट्रक की मासोद रोड पर मंडी सचिव शीला खातरकर एवं मंडी निरीक्षक चंपा तुमडाम द्वारा जप्त कर मंडी परिसर में खड़ा करवाया गया है. ट्रक चालक से मंडी टैक्स का 5 गुना राशि जमा कर ट्रक छोड़ा गया। […]

You May Like