शाहपुर पुलिस ने बच्चा चोरी के संदेह में पकड़े गए विक्षिप्त व्यक्ति को सुरक्षित बचाकर परिजनों को सौंपा

बैतूल। शाहपुर क्षेत्र में बच्चा चोरी की आशंका में ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए एक व्यक्ति को पुलिस ने सुरक्षित छुड़ाकर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस जांच में वह व्यक्ति मानसिक रूप से कमजोर पाया गया, जो महाराष्ट्र के अमरावती जिले से लापता था।

पुलिस के अनुसार थाना शाहपुर को सूचना मिली थी कि ग्राम पाठई में ग्रामीणों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को बच्चा चोरी की आशंका में पकड़ रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उस व्यक्ति को ग्रामीणों से सुरक्षित छुड़ाकर थाना शाहपुर ले आई।

थाने में पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम योगेश बाघमारे (43) पुत्र नारायण बाघमारे निवासी धामनगांव, थाना दत्तापुर, जिला अमरावती (महाराष्ट्र) बताया। मामले की पुष्टि के लिए शाहपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमरे ने दत्तापुर थाना पुलिस से संपर्क किया।

दत्तापुर पुलिस ने बताया कि योगेश बाघमारे के संबंध में वहां गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है और वह 13 फरवरी 2026 से अपने घर से लापता था। पुलिस के अनुसार वह मानसिक रूप से कमजोर है और परिवार लंबे समय से उसकी तलाश कर रहा था।

इसके बाद शाहपुर पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलने पर उसका भाई दिनेश बाघमारे शाहपुर पहुंचा और अपने भाई की पहचान की। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने योगेश बाघमारे को उसके भाई के सुपुर्द कर दिया।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अफवाह या संदेह के आधार पर किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या दुर्व्यवहार न करें और कानून को अपने हाथ में न लें। उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध या अनजान व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि आवश्यक जांच कर कार्रवाई की जा सके।

Next Post

जमीनी विवाद में घर में घुसकर हमला, कई लोग घायल; एक महिला की हालत गंभीर

Mon Mar 9 , 2026
छतरपुर। जिले के गढ़ीमलहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मलका में पुराने विवाद को लेकर एक ही परिवार पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। इस घटना में परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित परिवार […]

You May Like